केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने माना कि नीट यूजी परीक्षा में गड़बड़ियां हुई थीं. उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी. यह भी ऐलान किया कि अगले साल से NEET UG की परीक्षा ऑनलाइन आयोजित की जाएगी.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट पेपर लीक मामले के बाद पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी. शिक्षा मंत्री ने परीक्षा में गड़बड़ियों की बात स्वीकार करते हुए कहा कि पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया. उन्होंने ऐलान किया कि अगले साल से नीट यूजी की परीक्षा ऑनलाइन आयोजित की जाएगी. यानी OMR शीट के बजाय CBT (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) मोड में एग्जाम होगा.
धर्मेंद्र प्रधान की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने ‘नीट यूजी 2026 एग्जाम’ की नई तारीख का ऐलान कर दिया था. अब यह परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को पूरे देश में दोबारा आयोजित की जाएगी. पेपर लीक मामला सामने आने के बाद एनटीए ने यह परीक्षा रद्द कर दी थी. एजेंसी ने यह भी साफ कर दिया था कि री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों को फिर से अप्लाई करने या नया रजिस्ट्रेशन करने की कोई जरूरत नहीं है.
📢 NEET (UG) 2026 — Examination Date Announced
The National Testing Agency, with the approval of the Government of India, has scheduled the re-examination of NEET (UG) 2026 on Sunday, 21 June 2026.
Candidates and parents are requested to rely only on the official channels of NTA.…— National Testing Agency (@NTA_Exams) May 15, 2026
प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य से कोई समझौता नहीं करेगी. उन्होंने बताया कि 3 मई को हुई नीट यूजी परीक्षा के बाद 7 मई तक एनटीए को कुछ शिकायतें मिली थीं. जांच में पता चला कि ‘गेस पेपर’ के नाम पर असली पेपर के सवाल लीक हुए थे. इसके बाद सरकार ने परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का फैसला लिया.
NEET UG 2026 के लिए दोबारा नहीं कराना होगा रजिस्ट्रेशन
शिक्षा मंत्री ने कहा कि नई परीक्षा के लिए छात्रों से कोई फीस नहीं ली जाएगी. उन्होंने कहा कि यह फैसला छात्रों के हित में लिया गया है ताकि किसी योग्य छात्र का नुकसान न हो. प्रधान ने बताया,
“छात्रों को परीक्षा शहर दोबारा चुनने का मौका मिलेगा. इसके लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा. एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी किए जाएंगे. OMR शीट भरने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे. अब परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी.”
पेपर लीक और माफिया पर कार्रवाई
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है और परीक्षा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि CBI ने जांच शुरू कर दी है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पिछली गड़बड़ियों के बाद बनी राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों को लागू किया गया था. इसके बावजूद कुछ स्तरों पर चूक हुई. उन्होंने माना कि सिस्टम में कमियां रहीं और सरकार उन्हें ठीक करेगी.
ऑनलाइन परीक्षा की तैयारी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि अगले साल नीट को CBT यानी कंप्यूटर आधारित टेस्ट मोड में ले जाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि साइबर चुनौतियां बढ़ रही हैं और परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि करीब 120 टेलीग्राम चैनलों पर कार्रवाई की गई है.
प्रधान ने छात्रों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी कुशलता से सक्षम नेतृत्व के साथ काम कर रही है. NTA का गठन सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद किया गया था. हर साल करीब 1 करोड़ छात्र NTA की परीक्षाओं में शामिल होते हैं.
ये भी पढ़ें: NEET UG एग्जाम की नई तारीख का ऐलान, जल्द जारी होगा एडमिट कार्ड
‘नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट’ (NEET) यूजी 2026 की परीक्षा पहले 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी. इसमें करीब 22 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे. लेकिन बड़े पैमाने पर पेपर लीक होने और धांधली के गंभीर आरोपों के बाद, एनटीए ने 12 मई को इस परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया था. सीबीआई इस पूरे मामले की जांच कर रही है.







